देहरादून। विश्व मानक दिवस के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से मोहब्बेवाला स्थित एक होटल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘सतत विकास लक्ष्य-7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ पर केंद्रित कार्यक्रम में ऊर्जा दक्षता बढ़ाने, नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित करने और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारतीय मानकों की भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र और बीआईएस के लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल रहे, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अनुपम द्विवेदी सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, पीएचडीसीसीआई और यूआईडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ऊर्जा संसाधनों के कुशल उपयोग तथा नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने में मानकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में गुणवत्ता, सुरक्षा और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानकों का पालन आवश्यक है। भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर उद्योगों में बेहतर कार्यप्रणाली और ऊर्जा दक्षता को प्रोत्साहित किया जा सकता है।

बीआईएस देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्योगों के लिए ईज ऑफ कम्प्लायंस को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए गए नवीनतम सुधारों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में उद्योग जगत और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी के माध्यम से मानकीकरण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।