इस वर्ष चारधाम यात्रा को और अधिक सुव्यवस्थित और तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए दर्शन हेतु टोकन सिस्टम को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इससे यात्रियों को घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहने की परेशानी से राहत मिलेगी।
धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन के उद्देश्य से केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में स्लॉट आधारित दर्शन व्यवस्था की शुरुआत की जा रही है। निर्धारित स्लॉट के अनुसार ही तीर्थयात्रियों को मंदिरों में प्रवेश दिया जाएगा।
पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि टोकन व्यवस्था ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित की जाएगी। दर्शन का टोकन केवल पंजीकरण के बाद ही मिलेगा। इस प्रणाली से धामों में भीड़ नियंत्रण और तीर्थयात्रियों को समयबद्ध दर्शन में सहायता मिलेगी।
अब तक 17 लाख से अधिक पंजीकरण
चारधाम यात्रा के लिए अब तक 17 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 5.73 लाख बदरीनाथ, 5.04 लाख केदारनाथ, 3.01 लाख गंगोत्री और 2.78 लाख यमुनोत्री के लिए पंजीकृत हैं।