उत्तराखंड में अतिक्रमण के खिलाफ धामी सरकार का अभियान तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में बीती रात प्रशासन ने दून अस्पताल परिसर में बनी एक अवैध मजार पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में और रात के अंधेरे में की गई।

सूत्रों के मुताबिक, सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर ऋषिकेश निवासी पंकज गुप्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई। जांच में पुष्टि हुई कि मजार सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई थी।

नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, दून अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान मजार के ध्वस्त अवशेषों से कोई धार्मिक वस्तु नहीं मिली। जानकारी के अनुसार, यह मजार कई वर्षों से अस्तित्व में थी।

प्रशासन ने मजार के खादिम को पहले नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जांच में सामने आया कि खादिम अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों के बीच अंधविश्वास फैलाकर मजार में इबादत करवाने का काम करते थे, जिससे अस्पताल प्रशासन भी परेशान था।

अस्पताल प्रशासन पहले भी इस अवैध ढांचे को हटाने की मांग कर चुका था। इलाज के दौरान होने वाली अव्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने सरकार को पत्र लिखा था। शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने देर रात अस्पताल रोड को सील कर कार्रवाई पूरी की।