उत्तरकाशी में विशेष पूजा-अर्चना कर पीएम के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना

उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का काल रहा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में देश को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प तेजी से आगे बढ़ रहा है।

विकसित भारत के संकल्प को मिले गति

मुख्यमंत्री धामी ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे। देश की एकता, अखंडता और समृद्धि को नई ऊंचाइयां मिलें तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशहाली आए।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घ और सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री को निरंतर शक्ति, ऊर्जा और मार्गदर्शन प्रदान करने की कामना की।